कॉर्पोरेट और पूंजीपतियों की हिमायती, कांग्रेस की हुड्डा सरकार को, हरियाणा से निकाल बाहर करो !
मजदूर किसानों की सरकार बनाने के लिए एकजुट हों !!
पहले मारुति के १४७ मजदूरों की गिरफ़्तारी और उन पर झूठे मुकदमे और फिर विरोध आन्दोलन पर किये गए बर्बर पुलिस दमन, लाठीचार्ज और गिरफ्तारियों ने यह साफ़-साफ़ दिखा दिया है कि हरियाणा में कांग्रेस की हुड्डा सरकार, अमीरों-संभ्रांतों और कॉर्पोरेटों के हाथ की कठपुतली है और गरीबों मेहनतकशों की दुश्मन। इसके मंत्री और अफ़सर इन्ही अमीरों के चाकर हैं और उन्ही की सेवा करते हैं। पूंजीपति और कार्पोरेट मजदूरों का शोषण करते हैं और सरकार उनका दमन। कार्पोरेट मजदूरों के श्रम को लूटते हैं और सरकार-पुलिस-अदालतें उसके हाथ बांध देती हैं, जिससे वह प्रतिकार न कर सके।
मारुति के मजदूरों ने कार्पोरेट और सरकार की इस एकजुट ताकत का जमकर मुकाबला किया है। पुलिस-दमन और फर्जी मुकदमों के सामने मजदूरों ने घुटने टेकने से इंकार किया है और पूरे साहस के साथ इस वर्ग युद्ध को आगे बढ़ाया है।
वर्कर्स सोशलिस्ट पार्टी, हरियाणा के मानेसर में मारुति-सुजुकी के मजदूरों द्वारा कार्पोरेट शोषण और सरकारी दमन के खिलाफ चलाये जा रहे दोहरे संघर्ष का स्वागत और समर्थन करती है।















